अंतरराष्ट्रीय फ़ुटबॉल संघ (फीफा) ने अखिल भारतीय फ़ुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के निलंबन को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की घोषणा की है।
एआईएफएफ के आधिकारिक ट्विटर हैंडल इंडियन फ़ुटबॉल टीम से किए गए एक ट्वीट में यह जानकारी दी गई है। संस्था ने इस बारे में फीफा की ओर से एआईएफएफ को भेजा गया एक पत्र भी साझा किया है।
वहीं एक अन्य ट्वीट में एआईएफएफ ने यह भी बताया है कि अब अंडर 17 महिला विश्व कप फ़ुटबाॅल 2022 का आयोजन पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार होगा।
इस ख़बर के आने के तुरंत बाद केंद्रीय युवा मामलों और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी शुक्रवार, 26 अगस्त, 2022 की रात एक ट्वीट करके ख़ुशी जताई है।
उन्होंने लिखा, ''फीफा काउंसिल के ब्यूरो ने आज एआईएफएफ के निलंबन को तत्काल प्रभाव से हटाने का फ़ैसला किया है। अब 11 से 30 अक्तूबर, 2022 के बीच होने वाला फीफा अंडर 17 महिला विश्व कप 2022 का आयोजन पहले से तय योजना के अनुसार किया जाएगा। फ़ुटबॉल के सभी प्रशंसकों की यह जीत है!''
एआईएफएफ ने अपने बयान में कहा है कि तीसरे पक्ष के अनुचित प्रभाव के चलते एआईएफएफ का किया गया निलंबन फीफा काउंसिल ने हटाने का फ़ैसला लिया है।
बयान के अनुसार यह फ़ैसला इसलिए आया क्योंकि ''फीफा को यह स्पष्ट हो गया कि एआईएफएफ एक्ज़ीक्यूटिव कमेटी की शक्तियों को लेने के लिए बनाई गई प्रशासकों की समिति को ख़त्म कर दिया गया है और एआईएफएफ प्रशासन ने अपने दैनिक मामलों पर पूरा नियंत्रण हासिल कर लिया है।''
बयान में यह भी कहा गया है कि फीफा और एशियाई फ़ुटबॉल महासंघ यानी एएफसी हालात की निगरानी करना जारी रखेंगे और सही समय पर चुनाव कराने में एआईएफएफ की मदद करेंगे।
इस निर्णय के बाद एआईएफएफ के कार्यवाहक महासचिव सुनंदो धर ने कहा, ''भारतीय फ़ुटबॉल का सबसे काला समय आखि़रकार अब ख़त्म हो गया है। 15 अगस्त, 2022 की आधी रात को एआईएफएफ पर लगा निलंबन फीफा ने हटा लिया है।''
(आईबीटीएन के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)
शेयरिंग के बारे में
04 Oct 2026
भारत ने एशियन गेम्स 2026 में 85 मेडल के साथ अभियान समाप्त किया
भारत ने जापान के आइची-नागोया में हुए एशियन गेम्स 2026 में कुल 85 मेडल के साथ अपना अभियान सम...
03 Oct 2026
एशियन गेम्स 2026 का 14वां दिन: मेडल टैली में चीन टॉप पर
जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 का शनिवार को 14वां दिन है।
02 Oct 2026
एशियन गेम्स: महिला रिकर्व तीरंदाजी में भारत को गोल्ड
अंकिता, कीर्ति और कुमकुम की तिकड़ी ने एशियन गेम्स में महिला रिकर्व टीम में भारत को पहला गोल...
01 Oct 2026
एशियन गेम्स 2026: भारत की क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराया, फ़ाइनल में पाकिस्तान से मुक़ाबला होगा
एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट कंप्टीशन के सेमीफ़ाइनल मैच में भारत ने जीत दर्ज की है। श्री...
14 May 2025
पटौदी के नवाब: क्रिकेट के दिग्गज
पटौदी के नवाब: क्रिकेट के दिग्गज
पटौदी के नवाब, जिन्हें मंसूर अल...