पाकिस्तान के बालाकोट में भारतीय वायुसेना के एक आतंकी संगठन के शिविर पर हमले के बाद कश्मीर से लगती नियंत्रण रेखा पर तनाव बढ़ गया है। नियंत्रण रेखा पर कई जगह दोनों देशों के सुरक्षाबलों के बीच गोलाबारी की ख़बर है।
भारत और पाकिस्तान दोनों ने ही एक-दूसरे पर कश्मीर से लगती नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
मंगलवार की शाम को कोटली सेक्टर में भारतीय सुरक्षाबलों की गोलाबारी में पाकिस्तान के चार लोगों की मौत की ख़बर है। मरने वालों में तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। गोलीबारी में कई लोग घायल भी हुए हैं। पाक अधिकारियों के मुताबिक, भारतीय सुरक्षा बलों ने नियंत्रण रेखा पर रवाकोट, भांबर, चाकोत, और कोटली में मशीनगनों से गोलियां चलाई और कई मोर्टार दागे।
कोटली ज़िले में गोलाबारी का असर सबसे अधिक हुआ। नियंत्रण रेखा से लगे सभी चार सेक्टर्स में भारी गोलाबारी हुई।
उधर, भारत ने भी पाकिस्तान पर नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।
भारतीय सेना के मुताबिक, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने नियंत्रण रेखा के करीब संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है।
भारतीय सेना ने दावा किया है कि पाकिस्तान की ओर से जम्मू-कश्मीर के अखनूर, नौशेरा और कृष्णा घाटी सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया।
भारतीय सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ''ये (संघर्ष विराम उल्लंघन) भारतीय समय के मुताबिक करीब 1730 बजे शुरू हुआ। पाकिस्तान ने बिना उकसावे के भारी गोलीबारी के जरिए संघर्ष विराम उल्लंघन किया। भारतीय सेना मजबूती और प्रभावी तरीके से जवाब दे रही है।''
भारतीय सेना के मुताबिक, इस हमले में सेना के पांच जवान घायल हुए हैं और उन्हें सेना के अस्पताल ले जाया गया है।
पुंछ और राजौरी ज़िले के नियंत्रण रेखा से पांच किलोमीटर तक दूरी के सभी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद रखने को कहा गया है।
भारत के कश्मीर के पुलवामा में 14 फ़रवरी को केंद्रीय रिज़र्व पुलिसबल के काफ़िले पर हुए आतंकी हमले के बाद दोनों के बीच भारी तनाव है। इस हमले में सीआरपीएफ़ के 40 से अधिक जवान मारे गए थे। भारत ने इस हमले के लिए पाकिस्तान स्थित चरमपंथी संगठन जैश-ए-मोहम्मद को ज़िम्मेदार ठहराया है, जबकि पाकिस्तान इन आरोपों को सिरे से ख़ारिज करता है।
(आईबीटीएन के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)
शेयरिंग के बारे में
लाइव: हमास द्वारा ट्रम्प की युद्ध समाप्ति योजना की समीक्षा के बीच इसराइल ने ग़ज़ा पर ...
लाइव: गाजा से विस्थापन के बाद नुसीरत में इज़राइली हमलों में 8 लोगों की मौत...
फ्रांस सहित छह और देश औपचारिक रूप से फिलिस्तीनी राज्य को मान्यता देने के लिए सहमत
लाइव: इसराइल ने ग़ज़ा में 50 से ज़्यादा लोगों को मार डाला, क़तर पर हमले से क्षेत्र मे...
लाइव: हमास का कहना है कि क़तर के दोहा पर इसराइल के हमले में नेता बच गए